इंडिया न्यूज सेंटर, लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के मेहमान को सही समय पर उनके आवास पहुंचाने वाले रिक्शाचालक पर धन की देवी लक्ष्मी मेहरबान हो गईं। मुख्यमंत्री ने रिक्शाचालक को न केवल नया रिक्शा, कुछ सौ रुपये दिए, बल्कि ई-रिक्शा व लोहिया आवास भी देने का वादा किया। इस बारे में रिक्शा चालक मनीराम कहते हैं लक्ष्मी जी सदा सहाय रहें और मुख्यमंत्री के लिए ढेरों दुआएं दीं। मामला ये है कि मोबाइल बैंकिंग के क्षेत्र में पेटीएम का अभिनव प्रयोग करने वाले विजय शेखर शर्मा गुरुवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलने उनके सरकारी आवास जा रहे थे। रास्ते में वह भारी जाम में फंस गए। ऐसा लगा कि वह मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाएंगे। कार से उतरकर उन्होंने एक रिक्शा किया और उससे सीधे 5, कॉलीदास मार्ग पहुंच गए। मुख्यमंत्री आवास पर रिक्शा से पहुंचे अजनबी को देखकर सुरक्षाकर्मी हतप्रभ थे, लेकिन जब उन्होंने अपना नाम बताया तो उन्हें रिक्शे के साथ ही अंदर प्रवेश मिल गया। मनीराम अचानक मुख्यमंत्री तक पहुंच गया।इस बात की जानकारी मिलने पर बाहर निकले अखिलेश यादव ने रिक्शा चालक से सवाल किया कहां आ गए हो? वह क्षेत्रीय भाषा में बोला, ई साहब लइ कै आएं हैं। उसने अपना नाम मनीराम बताया और कहा कि वह कालिदास मार्ग पर रात में रहता है और रिक्शे पर ही सोता है। बात करते-करते मनीराम रिक्शे पर सवार हो गया और मुडक़र जाने लगा, तब मुख्यमंत्री ने उसे रोका और सचिव प्रांजल यादव को उसे नया रिक्शा दिलाने को कहा।