इंडिया न्यूज सेंटर, लखनऊ। सपा के स्टेट प्रेसिडेंट बनते ही शिवपाल यादव एक्शन में आ गए हैं। सीएम अखिलेश यादव के साथ साए की तरह रहने वाले समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता के पद से राजेंद्र चौधरी को हटा दिया है। यही नहीं प्रमुख महासचिव के पद से अरविन्द सिंह गोप की भी छुट्टी कर दी गई है। राजेंद्र चौधरी और अरविन्द सिंह गोप अखिलेश सरकार में कैबिनेट मंत्री भी हैं।शिवपाल यादव ने दोनों पदाधिकारियों को हटाने के साथ ही अपने करीबियों को बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी है। शिवपाल ने जहाँ अम्बिका चौधरी को प्रदेश प्रवक्ता बनाया है तो वहीं ओम प्रकाश सिंह को प्रमुख महासचिव का पद सौंपा गया है। यह दोनों ही लीडर सपा के पॉलिटिकल ड्रामे में शिवपाल के साथ खड़े नजर आये थे।