इंडिया न्यूज सेंटर, नई दिल्ली: इसरो भारत के लिए एक और उपलब्धि हासिल करने जा रहा है। 15 जनवरी, 2017 को इसरो एक साथ 82 सैटेलाइट लॉन्च करेगा, जिसमें 60 सैटेलाइट अमरीकी, 20 यूरोप की और 2 यूके की होंगी। मार्स मिशन के प्रोजेक्ट डायरेक्टर एस. अरुणन ने मुंबई में ब्रांड इंडिया समिट 2016 में ये बात कही। यह मिशन पूरी तरह कामयाब रहा तो एक बार में सबसे ज्यादा सैटेलाइट लॉन्चिंग का वल्र्ड रिकॉर्ड बन जाएगा। अभी सबसे ज्यादा सैटेलाइट लॉन्च करने वालों में भारत का तीसरा नंबर है और ये खिताब रूस के नाम है। रूस ने 19 जून, 2014 को एक साथ 37 सैटेलाइट को लॉन्च किया था, वहीं अमेरिका ने नवंबर 2013 में 29 सैटेलाइट को लॉन्च किया था। इससे पहले इसी साल जून में भारत ने एकसाथ 20 सेटेलाइट लॉन्च किए थे। इस अभियान के लिए इसरो अपने सबसे भरोसेमंद रॉकेट पीएसएलवी (पोलर सेटेलाइट लॉन्च व्हीकल) के एक्सएल संस्करण को इस्तेमाल करेगा। पीएसएलवी-एक्सएल कुल 1600 किलोग्राम वजन लेकर अंतरिक्ष में जाएगा। इसरो चांद पर दूसरा मिशन चंद्रयान-2 भी भेजने जा रहा है।