इंडिया न्यूज सेंटर, कुन्नूर: राजनीतिक रूप से संवेदनशील माने जाने वाले कन्नूर जिले में कथित तौर पर माकपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा के 30 वर्षीय एक कार्यकर्ता की चाकू गोदकर हत्या कर दी। पार्टी ने इस हत्या के पीछे सीपीएम के हाथ होने का आरोप लगाया है। भाजपा कार्यकर्ता संतोष पर कल रात उस समय हमला किया गया, जब वह धर्मादोम के अंदालूर स्थित अपने घर पर अकेला था। कन्नूर के पुलिस अधीक्षक केपी फिलिप ने बताया कि अस्पताल ले जाते समय संतोष की रास्ते में ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। संतोष अंदालूर में भाजपा का बूथ प्रेसीडेंट था और उसने पिछला स्थानीय निकाय चुनाव भी लड़ा था। कन्नूर में 57वां राज्य स्कूल कला उत्सव आयोजित किया जा रहा है, लेकिन घटना के बाद से यहां सभी दुकानें बंद हैं और वाहन भी सड़कों से नदारद है। हमले का विरोध करने के लिए भाजपा ने कन्नूर में हड़ताल का आह्वान किया है।