To avoid corona, keep these five things in mind
इंडिया न्यूज सेंटर,जालंधरः कोरोना संक्रमण के बीच शुरुआत से जो सलाह दी जा रही है, वह है समय-समय पर हाथ धोते रहना। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक हाथों के जरिए संक्रमण फैलने का खतरा ज्यादा रहता है, क्योंकि हम अक्सर अपने हाथों से अपना चेहरा छूते हैं। अगर वायरस से संक्रमित सतह को हमने स्पर्श किया हो और फिर इन्हीं हाथों से अपने आंख, नाक या मुंह वगैरह छुआ तो हम संक्रमित हो सकते हैं। इस वायरस से बचाव के लिए विशेषज्ञ हाथों को साबुन से बार-बार धोने की सलाह दे रहे हैं। लोग हाथ धोने के साथ अल्कोहल युक्त सैनिटाइजर भी लगा रहे हैं। त्वचा रोग विशेषज्ञों के मुताबिक, लगातार साबुन से धोने और सैनिटाइजर लगाने से उनमें मौजूद रसायनों से हाथों की प्राकृतिक क्रीम और नमी कम होती जाती है। नतीजे में त्वचा रूखी होने लगती है। ऐसे में त्वचा फटने लगती है और इससे आई दरारों में से वायरस शरीर में जा सकता है।
हाथ धोने के बाद क्रीम लगाएं
अमेरिका के लॉस एंजलिस स्थित कैलिफोर्नियां यूनिवर्सिटी की त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. सारा होगन बताती हैं कि हाथ की ऊपरी त्वचा में प्राकृतिक तेल और वैक्स होता है। इसका काम हाथ में नमी बनाए रखना होता है, जो बाहर और भीतर दोनों तरफ से हाथों की सुरक्षा दीवार होती है। बार-बार साबुन से हाथ धोने और सैनिटाइजर के प्रयोग से हाथों की प्राकृतिक दीवार को नुकसान होता है। इस स्थिति से बचने के लिए हाथ धोने या सैनिटाइजर लगाने के बाद क्रीम या वैसलीन का इस्तेमाल करें, जिससे रूखापन खत्म हो जाए और उसकी कोमलता बनी रहे।
खुशबूयुक्त साबुन का प्रयोग कम करें
लोग खुशबूदार साबुन का इस्तेमाल अधिक करने लगे हैं। खुशबूदार साबुन का प्रयोग कम से कम करें, क्योंकि यह झाग की मोटी परत बनाता है। हाथों को जब रगड़कर धोते हैं तो हाथों में मौजूद प्राकृतिक तेल को भी धो देता है। लंबे समय तक ऐसा करने से हाथों की प्राकृतिक सुंदरता भी खराब हो सकती है।
गुनगुने पानी का प्रयोग करें
हल्के गुनगुने पानी से हाथों को 20 सेकंड तक धोएं, न कि गरम पानी से। इसके बाद हाथों को तौलिए के भीतर रख लें, हाथ को सुखाने के लिए तौलिए से न रगड़ें। हाथ सूखने पर तुरंत मॉइस्चराइजर क्रीम लगाएं। ऑफिस जा रहे हैं या बाहर ड्यूटी पर हैं तो अपने पास क्रीम रखें और हाथ धोने के साथ उसे जरूर लगाएं। इससे आपके हाथों की त्वचा नरम और स्वस्थ रहेगी।
हाथ फटे हैं तो सैनिटाइजर न लगाएं
हाथ की त्वचा फटी है तो अल्कोहल युक्त सैनिटाइजर का प्रयोग बिलकुल न करें। हैंड सैनिटाइजर और मॉइस्चराइजिंग क्रीम का प्रयोग मिलाकर कर सकते हैं, लेकिन इससे वायरस खत्म होने की गुंजाइश बहुत कम है। हाथ फटे हैं तो खुशबुयुक्त चीजों का प्रयोग न करें। डॉक्टरी सलाह पर क्रीम या ऑइंटमेंट लगाएं। घर पर मौजूद लोशन का प्रयोग न करें।
रात में सोने से पहले क्रीम लगाएं
रात को सोने से पहले हाथों में मॉइस्चराइजर क्रीम लगाएं और सूती के कपड़े से बने दस्ताने से हाथों को बीस मिनट तक ढक लें, ताकि हाथों में नमी आ जाए। इसके बाद हाथों को हल्के से धो लें। इसके बाद सो जाएं, हाथ अपने आप सूख जाएंगे, पोछने की जरूरत नहीं है।