Gujarat: 60 feet long bridge collapsed in Junagadh, 4 people buried under rubble in Junagadh
इंडिया न्यूज़ सेंटर,अहमदाबादः गुजरात के जूनागढ़ जिले में 60 फुट लंबे एक पुल के ढह जाने से चार लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। जूनागढ़ के कलेक्टर सौरभ पारधी ने बताया कि रविवार की शाम को मलांका गांव के पास पुल का स्लैब गिरने से कुछ वाहन उसके मलबे के नीचे दब गए थे। इससे इलाके में यातायात भी बाधित हुआ। उन्होंने कहा कि यह पुल सासन-गिर को जूनागढ़ के महेंद्रा कस्बे से जोड़ता है। सासन-गिर में वन्यजीव अभयारण्य स्थित है। यह पुल करीब 40 साल पहले मलांका गांव के पास बना था। पारधी ने कहा, रविवार को पुल ढहने से चार लोगों को मामूली चोट आई है। पुल ढहने से सासन-गिर और महेंद्रा के बीच वाहनों की आवाजाही बाधित हुई है। कलेक्टर ने कहा कि यात्रियों के लिए एक वैकल्पिक मार्ग खोला गया है। उन्होंने कहा कि दो कार और तीन दो पहिया वाहन पुल के मलबे में दब गए थे जिन्हें बाद में निकाला गया था।