जितेन्द्र, पठानकोट: गोपाष्टमी के पावन पर्व पर गो सेवा समिति की ओर से खड्डी पुल स्थित गोपालधाम गऊशाला में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता समिति के प्रधान विजय पासी व चेयरमैन ओम प्रकाश शर्मा की ओर से संयुक्त रूप से की गई। कार्यक्रम के तहत सुबह चार बजे प्रभातफेरियों मेंं श्रद्धालुओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। इसके बाद समिति द्वारा गऊशाला में हवन यज्ञ करवाया गया। जिसमें उपस्थित जनों द्वारा आहुतियां डाली गईं। सुबह करीब 8:30 बजे सामूहिक गऊ पूजन एव परिक्रमा कार्यक्रम का आरंभ किया गया। जिसमें विधायक अश्विनी शर्मा मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे जबकि विशेष रूप से जिलाधीश अमित कुमार, निगम कमिशनर सुरिन्द्र सिंह तथा पूर्व परिवहन मंत्री मास्टर मोहन लाल ने शिरकत की। सभी जनों ने गऊ पूजन किया व गऊ माता को चारा खिलाकर गऊ सेवा भी की गई। तत्पश्चात दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अश्विनी शर्मा ने सभी शहरवासियों व समिति सदस्यों को गोपाष्टमी की शुभकामनाएं दी। विधायक अश्विनी शर्मा ने समिति सदस्यों की श्रद्धाभाव को देखते हुए उनकी सराहना की व कहा कि समिति सदस्य बिना किसी स्वार्थ के गऊ सेवा करते हैं जो कि एक सराहनीय कार्य है। अंत में समिति प्रधान व सदस्यों द्वारा मुख्य व विशेषातिथियों केा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।