इंडिया न्यूज सेंटर, नई दिल्ली: बॉलीवुड जगत के किंग खान शाहरुख खान और उनकी पत्नी गौरी खान की शादी को 25 साल पूरे हो गए हैं। शाहरुख और गौरी की जोड़ी एक मिसाल है। शाहरुख ने गौरी को 1984 में एक पार्टी में पहली बार देखा था तब वह महज 18 साल के थे। गौरी को देखते ही शाहरुख खान को उनसे प्यार हो गया तब गौरी 14 साल की थीं। करण जौहर के टॉक शो में एक बार शाहरुख ने बताया था कि शुरुआत में गौरी को इंप्रेस करने के लिए वह, गोरी तेरा गांव बड़ा प्यारा... यह गाना भी गाते थे। शाहरुख खान शुरुआत में गौरी को लेकर बहुत अधिक पोजेेसिव थे। उन्हें उनका दूसरों से बात करना, बाल खुले रखना पसंद नहीं था. वह छोटी-छोटी बात में गौरी से लडऩे लगते थे लेकिन गौरी इस बात से बेहद परेशान हो चुकी थीं। रिश्ता खत्म करने के लिए उन्होंने शाहरुख से बात करनी बंद कर दी और मुंबई चली गईं। पीछे-पीछे शाहरुख भी मुंबई चले गए। अक्सा बीच पर एक दूसरे को देखते ही दोनों रोने लगे और तभी शादी करने का फैसला कर लिया। धर्म अलग अलग होने के कारण गौरी के माता-पिता शादी के लिए तैयार नहीं थे इसलिए करीब पांच साल तक दोनों ने अपने रिश्ते को लोगों से छिपा कर रखा। अंतत: दोनों परिवारों की रजामंदी के बाद शाहरुख और गौरी खान की शादी हो गई। दोनों के आर्यन, सुहाना और अबराम नाम के तीन बच्चे हैं। इनमें से अबराम का जन्म मई 2013 में सरोगेसी के जरिए हुआ।