इंडिया न्यूज सेंटर, नई दिल्ली: हम अक्सर अपने घर को बड़े अरमानों से सजाते हैं। अपने घर में आराम और पसंद की चीजें सहेजते हैं, पर यह चीजें हमारे लिए खतरनाक भी हो सकती हैं। यूनिवर्सिटी और इन्वाइरनमेंटल समूहों द्वारा किए गए अध्ययन में आमतौर पर घर के अंदर पाई जाने वाली चीजों की विस्तृत समीक्षा की गई। शोध में पाया गया कि परफ्यूम और रूम फ्रेशनर जैसी कई कृत्रिम खुशबू वाली चीजों में केमिकल्स होते हैं। केमिकल्स का रसायन घर की हवा और धूल में मिल जाता है। ये रसायन सांस के साथ आपके शरीर के अंदर जाकर सेहत पर कई तरह के खतरनाक असर छोड़ते हैं। सांस और प्रजनन संबंधी बीमारियों के साथ-साथ ये रसायन रोग प्रतिरोध क्षमता के लिए भी बहुत घातक साबित हो सकते हैं। गर्भवती महिलाएं और बच्चे इन चीजों के प्रति काफी संवेदनशील होते हैं। लकड़ी के सामान में टीसीईपी का इस्तेमाल किया जाता है। इसके इस्तेमाल के कारण फर्नीचर आसानी से आग नहीं पकड़ता है। यही टीसीईपी बच्चों के गद्दों में भी पाया जाता है। यह हाथ के रास्ते मुंह में पहुंचता है और सेहत को नुकसान पहुंचाता है। टीसीईपी के गंभीर परिणामों को ध्यान में रखते हुए कई जगहों में इस पर प्रतिबंध भी लग रहा है। हाथ धोना एक अच्छी और सेहतमंद आदत है, लेकिन आप किस चीज से हाथ धो रहे हैं यह ध्यान रखना भी जरूरी है इसलिए नॉन-ऐंटीबायॉटिक और खुशबू रहित साबुन से हाथ धोएं।