इंडिया न्यूज सेंटर, लखनऊ। कश्मीर में आतंकी हमलों के दौरान जवानों की शहादत पर विवादित बयान देने वाले एक्टर ओम पुरी के खिलाफ राजधानी के विभूतिखंड थाने में एफआईआर दर्ज करने की तहरीर दी गई है। ये तहरीर वकीलों की तरफ से दी गई है। आरोप है कि ओम पुरी ने सैनिकों का अपमान किया है और जनभावनाओं को आहत किया है। वहीं, आगरा में भी सामाजिक कार्यकर्ता सुभाष ढल ने थाना कोतवाली में पुरी पर कानूनी कार्रवाई करने के लिए तहरीर दी है। बता दें, पुरी ने एक टीवी शो में इटावा के शहीद नितिन की शहादत पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा था कि किसने कहा था उसे फौज में जाने के लिए। एसओ विभूतिखंड का कहना है कि विवादित बयानों की सीडी वकीलों ने उपलब्ध नहीं कराई है। सीडी उपलब्ध कराने के बाद उसकी जांच के आधार पर एक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।