इंडिया न्यूज सेंटर, गाजीपुर। यूपी के गाजीपुर से दिल दहला देने वाली खबर आई है। वहां तेज रफ्तार टाटा सूमो टूटे पुल से सीधे नदी में जा गिरी। इससे आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 3 महिला और 5 पुरुष शामिल हैं। सूमो में सवार लोग सांप काटने के बाद झांड़ फूंक से इलाज कराने बड़ेसर थाना इलाके के प्रसिद्ध अमवा की सती माई मंदिर जा रहे थे। एसओ नोनहरा सुरेंंद्र यादव ने बताया कि सोनबरसा गांव के पास मगई नदी पर बना पुल बाढ़ की वजह से बीते 29 सितंबर को बह गया। दोनों किनारों से करीब 30 फीट पुल बह जाने के कारण आवागमन बंद कर दिया गया था। इसकी सूचना डीएम समेत तमाम आलाधिकारियों को दी गई थी और नोनहरा थाना के पुलिस द्वारा आवागमन रोकने के लिए जो संभव था वो किया गया था। सूमो से जा रहे लोगों को पुल टूटे होने की जानकारी नहीं थी। मौके पर लगाए गए चौकीदार और ग्रामीणों द्वारा आगे न जाने के लिए आवाज दी जा रही थी, लेकिन सूमो ड्राइवर ने उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया। सूमो नदी में समा गई। ग्रामीणों के मुताबिक, अगर पुल के दोनों तरफ प्रशासन ने बैरिकेटिंग करा दी होती तो इतना बड़ा हादसा नहीं होता। सभी शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।