इंडिया न्यूज सेंटर, नोएडा: आईटीबीपी के होते हुए दुनिया का कोई भी देश हमारे देश को छूने की जुर्रत नहीं कर सकता। आईटीबीपी के कारण सीमा उल्लंघन में सात फीसद कमी आई है। ये कहना है केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह का। राजनाथ सिंह भारत तिब्बत सीमा पुलिस के 55वें स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। राजनाथ ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा कि हमारा पड़ोसी मुल्क आतंकवाद का सहारा लेकर प्रॉक्सी वॉर (छद्म युद्ध) लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि असली वीर वे नहीं होते जो प्रॉक्सी वॉर करते हैं। असली वीर वे होते हैं, जो सीने का बटन खोलकर और आंखों में आंखें डालकर लड़ते हैं। इस मौके राजनाथ सिंह ने कहा कि ड्यूटी के दौरान घायल होने वाले जवानों को दस लाख की बजाय 25 लाख रुपये की मदद मिलेगी। साथ ही शहीद को 15 लाख के बजाय अब 35 लाख दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सीमा पर होने वाली हर घुसपैठ का हमारे जवान मजबूती के साथ जवाब दे रहे हैं, लेकिन हमारी ओर से कोई पहल नहीं होगी।