इंडिया न्यूज सेंटर, रामपुर। आयुष अस्पताल का उद्घाटन करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री आजम खान ने कहा कि हिन्दुस्तान, पाकिस्तान और बांग्लादेश भाई-भाई हैं। तीनों देशों का खून, नस्ल और मिजाज एक है, सोचने का अंदाज एक है। इसके बाद भी हम आपस में इतने नाराज क्यों हैं। इस पर बात होनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि अगर तीसरी बड़ी यलगार होती है, तो उसका फैसला भी जंग के मैदान में नहीं, बल्कि बंद कमरे में राउण्ड टेबल पर बैठकर होगा। समझदार वो है जो यह तय करे कि हमारा बड़ा दुश्मन कौन है और छोटा दुश्मन कौन। हिन्दुस्तान महान था। पाकिस्तान और बांग्लादेश भी हिन्दुस्तान का हिस्सा था। आजम खान ने आगे कहा कि जंगों का फैसला ताकत की बुनियाद या जंग के मैदान में नहीं, बल्कि बंद कमरों में होता है। इजराइल की मिसाल देते हुए उन्होंने कहा कि हिटलर यहूदी कौम को मिटा देना चाहता था, लेकिन क्या कौम मिटी? आज इजराइल बहुत छोटा मुल्क होने के बावजूद भी दुनिया की इकॉनॉमी पर असर डालता है। दुनिया में सबसे ज्यादा साइंस का विकास इजराइल में हुआ।