इंडिया न्यूज सेंटर, तिरुपति: टीडीपी प्रमुख नायडू ने राज्य सरकार की तरफ से नोबेल पुरस्कार लाने वाले वैज्ञानिकों को 100 करोड़ रुपए के इनाम की घोषणा की है। नायडू ने नोबेल पुरस्कार के साथ मिलने वाली राशि का 17 गुना देने का ऑफर दिया है। फिलहाल नोबेल के साथ 5.96 करोड़ रुपए की राशि दी जाती है। नायडू का यह ऑफर देश की किसी भी राज्य सरकार द्वारा दी जाने वाली इनाम राशि से कहीं ज्यादा है, इसे ग्रैंड ऑफर कहा जा सकता है। खास बात यह है कि नायडू ने दूसरी बार ऐसी बड़ी घोषणा की है। इससे पहले नायडू ने 10 करोड़ रुपए का ऑफर दिया था। तिरुपति में इंडियन साइंस कांग्रेस के 104वें सेशन के उद्घाटन समारोह को संबोधित करने के बाद नायडू ने यह घोषणा की। उन्होंने नोबेल पुरस्कार जीतने के लिए क्या किया जाए, इस पर जापान के नोबेल पुरस्कार विजेता प्रफेसर तकाकी काजिता से सुझाव मांगे थे।