इंडिया न्यूज सेंटर, वाराणसी। रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने वाराणसी में हॉटस्पॉट और ऑप्टिकल फाइवर से ब्लॉक को जोडऩे की सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि वाराणसी देश का पहला जिला होगा, जो इंटरनेट और ब्रॉडबैंड से लैस होगा। यहां के 8 ब्लॉक और 870 ग्राम पंचायतें इंटरनेट और ब्रॉडबैंड से जुड़ेंगे। ये काम दिसंबर 2016 तक पूरा कर लिया जाएगा। ग्रामीणों को नेट सेवा फ्री मिलेगी। उन्होंने बताया कि भारत नेट योजना के तहत 2 लाख 50 हजार गांव को ऑप्टिकल फाइबर के तहत जोडऩा है। फेज-1 में एक लाख गांवों को इससे जोड़े जा रहा है, जबकि फेज-2 में डेढ़ लाख गांव को जोड़ा जाएगा। ये काम अक्टूबर 2017 तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया के तहत भारतीय संचार निगम, भारतीय नेट योजना के तहत यूपी के गांवों को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ते हुए ब्रॉडबैंड सेवा देने की तैयारी जोरों पर चल रही है। वाराणसी में 8 ब्लॉक हैं, जिनमें से आराजी लाइन ब्लॉक के जयापुर गांव और नागेपुर गांव में सेवा शुरू हो चुकी है। सेवापुरी ब्लॉक को भी ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ दिया गया है और यहां वाईफाई हॉटस्पॉट की सेवा भी शुरू की गई है।