इंडिया न्यूज सेंटर, मुजफ्फरनगर। बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच चली 5 घंटे की मुठभेड़ में 3 बदमाशों को मार गिराया गया। पुलिस ने बदमाशों के पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। मामला मुजफ्फरनगर जिले के मंसूरपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कुछ बदमाश यहां एक मकान में छिपे हैं। इसके बाद पुलिस ने मकान को घेर कर बदमाशों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई शुरू की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, 5 घंटे चली मुठभेड़ में 3 बदमाशों को मार गिराया गया। साथ ही मकान में बंदी बनाए गए परिवार के 3 लोगों को भी सुरक्षित छुड़ा लिया गया। बदमाशों के पास से 2 तमंचे, 2 पिस्टल और कई जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। एसपी क्राइम प्रदीप गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने बदमाशों को सरेंडर करने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में 3 मारे गए। तीनों को बाईं तरफ सीने में गोली लगी है। आशंका यह भी है कि बदमाशों ने पुलिस से बचने के लिए खुद एक दूसरे को गोली मार ली हो। सभी को सटा कर गोली मारी गई थी। मारे गए बदमाशों का नाम दीपक राठी, सचिन और गौरव है। ये कई मामलों में फरार चल रहे थे।