किंशासा: कांगो गणराज्य के पूर्वी क्षेत्र गोमा में आज एक विस्फोट से एक बच्चे की मौत हो गई और भारतीय शांति सेना के 32 सैनिक घायल हो गए। यह जानकारी कांगो में काम कर रहे संयुक्त राष्ट्र मिशन ने दी है। मिशन ने बताया है कि आज सुबह गोमा के पश्चिम में बसे कीशोरो में जब ये शांतिसैनिक सुबह की दौड़ के लिए निकले थे, तब यह विस्फोट हुआ। विस्फोट का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। एक नजदीकी मस्जिद के इमाम इस्माइल सलूमू ने कहा है कि तीन शांतिसैनिक मारे गए हैं। इमाम ने बताया, हम लोगों ने विस्फोट और चीखों की आवाज सुनी, तब हम भागकर वहां गए। कांगो में संयुक्त राष्ट्र की ओर से लगभग 18,000 वर्दीधारी काम करते हैं, क्योंकि वर्ष 1996 से 2003 के बीच यहां क्षेत्रीय संघर्षों में लाखों जानें जा चुकी हैं और दर्जनों हथियारबंद गुट अब भी सक्रिय हैं।