NODAL OFFICERS TO BE APPOINTED TO MONITOR WATER DRAINAGE FROM FIELDS OF FAZILKA And MUKTSAR DISTRICTS: SARKARIA
फसलों के नुकसान की विशेष गिरदावरी करवा कर दिया जाएगा मुआवज़ाः गुरप्रीत सिंह कांगड़
जल संसाधन मंत्री, राजस्व मंत्री और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान द्वारा फाजि़ल्का और श्री मुक्तसर साहिब जि़लों के बारिश प्रभावित इलाकों का दौरा
इंडिया न्यूज सेंटर,चंडीगढ़ : पंजाब के जल संसाधन मंत्री स. सुखबिन्दर सिंह सरकारिया, राजस्व मंत्री स. गुरप्रीत सिंह कांगड़ और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान सुनील जाखड़ ने आज मुक्तसर और फाजि़ल्का जि़ले के बारिश से प्रभावित एक दर्जन से अधिक गाँवों का दौरा किया है। यहीं नही लोगों की मुश्किलें सुनकर जल निकासी की प्रभावी कार्य योजना लागू करने के आदेश सम्बन्धित विभागों को दिए। इस मौके पर उनके साथ जलालाबाद के विधायक रमिन्दर आवला और बल्लूआना के विधायक नत्थू राम भी उपस्थित थे।
जल संसाधन मंत्री स. सुखबिन्दर सिंह सरकारिया ने इस मौके पर कहा कि सेम नालों सम्बन्धी व्यापक प्लैनिंग की ज़रूरत है और सरकार द्वारा विभाग को इस सम्बन्धी लम्बे समय के लिए टिकाऊ प्रोजैक्ट तैयार करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि तत्काल पानी निकासी के लिए लिफ़्ट पंपों और ट्रांसफ़ार्मरों का और प्रबंध करने के आदेश विभाग को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की प्राथमिकता है कि तुरंत खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों में से पानी निकाला जाए और फिर व्यापक योजना के साथ इस समस्या का स्थाई हल किया जाए।
इस मौके पर जल संसाधन मंत्री स. सुखबिन्दर सिंह सरकारिया ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि पानी की निकासी के प्रबंधों की निगरानी के लिए क्रमवार गाँव स्तर पर नोडल अफ़सर लगाए जाएँ।
राजस्व मंत्री स. गुरप्रीत सिंह कांगड़ ने बताया कि सरकार द्वारा विशेष गिरदावरी के आदेश कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग को स्पष्ट हिदायत की गई है कि कोई भी योग्य पीडि़त मुआवज़ा पाने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि बारिश के साथ जिनके मकानों को नुकसान हुआ है, उसका भी सर्वे करवाकर सरकार की नीति के अनुसार मुआवज़ा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था करने के लिए भी जि़ला प्रशासन को कहा गया है। राजस्व मंत्री ने कहा कि जि़ला प्रशासन को यह भी हिदायत की गई है कि मनरेगा के अंतर्गत जॉब कार्ड धारकों को अधिक से अधिक काम दिया जाए, जिससे मज़दूर को आमदन हो सके और तत्काल उनकी मदद की जा सके।
इस मौके पर सुनील जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह के नेतृत्व वाली राज्य सरकार इस समस्या का स्थाई हल करने के लिए उचित योजना बनाएगी, परन्तु फि़लहाल तत्काल प्राथमिकता जल निकासी की है जिससे किसान अपनी फसलों की बिजाई कर सकें।
इस मौके पर पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए राज्य कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ ने कहा कि जल भराव की इस समस्या का असली कारण पिछली अकाली-भाजपा सरकार की गलत नीतियाँ हैं। उन्होंने कहा कि अकाली सरकार के समय के दौरान बनाए गए दोषपूर्ण नाले हैं, जिससे सेम की समस्या का हल होने की बजाय इस समस्या में और विस्तार हो गया।
जाखड़ ने बताया कि 2014 में वह समकालीन मुख्यमंत्री स. प्रकाश सिंह बादल समेत प्रधानमंत्री स. मनमोहन सिंह को मिले थे और उन्होंने 2246 करोड़ रुपए सेम नालों की त्रुटियां दूर करने के लिए दिए थे परन्तु उसके बाद यह रकम कहाँ गई इसका कोई विवरण अकाली सरकार ने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि यदि उक्त रकम का सही इस्तेमाल किया जाता तो आज यह हाल नहीं होना था।
इस मौके पर दोनों कैबिनेट मंत्रियों और राज्य कांग्रेस प्रधान द्वारा अबोहर बाइपास, दुतारा वाली, मलुकपुरा, भंगाला, धरांगवाला, मुरादवाला, घुड़्याना, बुर्ज हनूंमानगढ़, कुहाड़्यावाली, ममूखेड़ा आदि गाँवों का दौरा किया गया। इस दौरान लोगों द्वारा बताए अनुसार अधिकारियों को तुरंत पानी की निकासी करवाने के लिए कहा गया।
इस दौरान उनके साथ प्रिंसीपल सचिव सरबजीत सिंह, डिप्टी कमिश्नर स. अरविन्द पाल सिंह संधू, एस.एस.पी स. हरजीत सिंह, संदीप जाखड़, जि़ला कांग्रेस प्रधान श्री रंजम कामरा, चीफ़ इंजीनियर संजीव गुप्ता, एडीसी विकास श्री नवल कुमार आदि भी उपस्थित थे।