इंडिया न्यूज सेंटर, जालंधर: फिरोजपुर मंडल में स्वच्छ रेल स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस संबंध में फिरोजपुर मंडल के मंडल प्रबंधक अनुज प्रकाश ने विभिन्न अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि मंडलों के अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों की तरफ से विभिन्न रेलवे स्टेशनों व डिपो में स्वच्छता संबंधी अभियान चलाए गए। अभियान के तहत गंदगी फैलाने वाले व्यक्तियों पर जुर्माना किया गया। कई स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी इस अभियान में योगदान दिया। मंडल के 75 अधिकारियों के नेतृत्व में 12 स्टेशनों पर गंदगी फैलाने वाले 119 यात्रियों से 36 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। बैठक में बताया गया कि 25 सितंबर तक आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में हर दिन को विभिन्न प्रकार से परिभाषित किया गया। मंडल इस सफाई अभियान को सतत रूप से जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने यात्रियों से भी अपील की कि वे कार्य में अपना संपूर्ण समर्थन प्रदान कर अपना सक्रिय सहयोग दें।