फिलीपींस: हथियारबंद लोगों का एक समूह बुधवार तडक़े उत्तरी कोटाबाटो की एक जेल में घुस गया जिससे लगभग 130 कैदी भागने में कामयाब रहे। जानकारी के मुताबिक, किडापवन डिस्ट्रिक जेल के वार्डन सूपरिंटेंडेंट पीटर बंगट ने रेडियो स्टेशन को बताया कि ये बंदूकधारी स्थानीय समयानुसार रात लगभग एक बजे जेल के सुरक्षाकर्मी पर गोली चलाकर अंदर घुसे। इस हमले में एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई और एक कैदी घायल हो गया। बंगट ने पुष्टि करते हुए कहा कि जेल में कैद 1,511 कैदियों में से 132 भागने में कामयाब रहे। किडापवन के पुलिस प्रमुख लियो अजेरो ने बताया कि भागने वाले कैदियों में से दो को वापस गिरफ्तार कर लिया गया है। किडापवन शहर कोटाबाटो प्रांत में है। इस जगह को विद्रोही मुस्लिम समूह का गढ़ माना जाता है। जेल पर हुए हमले में संदिग्ध मुस्लिम विद्रोहियों का हाथ बताया जा रहा है। बंगट ने कहा, यह एक सुनियोजित साजिश थी। कैदी कंबलों की मदद से भागने में सफल रहे। हमने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। बंगट ने कहा कि कमाडंर डर्बी मोरो इस्लामिक लिबरेशन फ्रंट से जुड़ा हुआ है। सेना के जवान और पुलिसकर्मी फरार कैदियों की तलाश कर रहे हैं।