इंडिया न्यूज सेंटर, रांची: ऐ दिल है मुश्किल के शो का रांची में कई संगठनों ने विरोध किया। शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न सिनेमाघरों के सामने प्रदर्शन कर पोस्टर फाड़ डाले और दर्शकों को भी फिल्म देखने से मना कर दिया गया। मेन रोड स्थित गिल्ट्जि, हिनू स्थित फन और आइलेक्स सिनेमा हॉल के सामने जमकर प्रदर्शन किया गया। उग्र लोगों ने दोपहर का शो रोक दिया। इसके साथ ही पाकिस्तानी कलाकारों के साथ-साथ करण जौहर की तस्वीर जलाई गई। दावा किया गया कि किसी भी शर्त पर फिल्म रांची में नहीं चलने दी जाएगी। विरोध के कारण सिनेमाघरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों को रोकने की भी कोशिश भी की गई। प्रदर्शन के कारण कुछ घंटों के लिए लगभग सभी सिनेमाघरों के टिकट काउंटर बंद कर दिए गए। ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले दर्शकों के पैसे भी वापस किए गए। शाम में स्थिति सामान्य हो पाई। इसके बाद सभी सिनेमाघरों में फिल्म के शो सामान्य रूप से चले।