इंडिया न्यूज सेंटर, लखनऊ। बीजेपी ने दयाशंकर सिंह की पत्नी स्वाति सिंह को प्रदेश महिला मोर्चा का अध्यक्ष बनाया है। प्रदेश प्रवक्ता डॉ. चन्द्रमोहन ने बताया कि अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सांसद कौशल किशोर, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सांसद छोटे लाल खरवार, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैदर अब्बास चांद को बनाया गया है। स्वाति सिंह को आगे कर बीजेपी मायावती को घेरने की तैयारी की है। स्वाति के पति दयाशंकर बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष थे। उनको मायावती पर अभद्र टिप्पणी के मामले में बर्खास्त कर दिया गया था। इसी घटना के बाद से प्रदेश में सियासी तूफान आया हुआ है।बताते चलें कि 9 अक्टूबर को मायावती की रैली से ठीक पहले भाजपा ने स्वाती सिंह को प्रदेश महिला अध्यक्ष बनाया है। इसे मायावती को चुनौती देने की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। भाजपा ने स्वाती सिंह को आगे करके बेटी के सम्मान मे भाजपा मैदान में नारे को लेकर प्रदर्शन भी किया था। स्वाति सिंह की लोकप्रियता इस वक्त काफी बढ़ी हुई है। क्षत्रिय समाज भी उनके साथ है।