इंडिया न्यूज सेंटर, जालंधरः मणिपुर की मानवाधिकार कार्यकर्ता इरोम शर्मिला को चंदा देने में आम आदमी पार्टी आगे आई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बाद आप सांसद भगवंत मान ने उन्हें एक महीने की सैलरी देने का एलान किया है। बता दें कि मणिपुर विधानसभा के लिए इरोम शर्मिला चुनाव लड़ रही हैं। इसके लिए उन्होंने ऑनलाइन वेबसाइट के माध्यम से चंदे के लिए धन जमा कर रही है। आप सांसद मान ने रविवार की सुबह ट्वीट कर लिखा, "इरोम शर्मिला मणिपुर में भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ लड़ रही हैं, इसलिए एक महीने की सैलरी संसद के रूप में जो मिलती है, वो उन्हें डोनेट कर रहा हूं। " सांसद को मिलने वाला वेतन करीब 2 लाख रुपये प्रति महीना होता है जिसमें बेसिक सैलेरी 50 हजार रुपये होती है। शनिवार को इरोम के इस अभियान में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ऑनलाइन फंडिग की। केजरीवाल ने ट्वीट कर जानकारी दी थी कि मैंने 50 हजार रुपया इस मद में डोनेट किया है। ट्वीट में केजरीवाल ने लोगों से अपील की है कि ईरोम को चुनाव लड़ने में चंदा देकर सहायता करें।