इंडिया न्यूज सेंटर, भोपाल: प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता सुंदरलाल पटवा का हार्ट अटैक के बाद एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे 92 वर्ष के थे। जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह सोते वक्त उन्हें हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया था। मध्य प्रदेश सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। सीएम शिवराज ने कहा कि पटवा के निधन से राज्य को अपूर्णीय क्षति पहुंची है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। सुंदरलाल पटवा जनता पार्टी की सरकार के दौरान 1980 और भाजपा की सरकार में 1990 में दो बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। वे 1997 में छिंदवाड़ा में हुए लोकसभा उपचुनाव में पहली बार सांसद बने। इसके बाद 1998 में होशंगाबाद से सांसद चुने गए और अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री बने। सुंदरलाल पटवा के निधन की खबर मिलने के बाद भाजपा में शोक की लहर छा गई है।