काहिरा: मिस्र देश के अशांत प्रदेश उत्तरी सिनाई में एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटक से भरे ट्रक को एक सुरक्षा चौकी में टक्कर मारकर धमाका कर दिया। सोमवार को इस हमले में दस पुलिसकर्मी मारे गए और 22 घायल हुए हैं। अल मसीद जिले में यह हमला सिनाई के एक उग्रवादी संगठन अंसार बैत अल मकदस के सदस्यों ने किया है। इस संगठन ने 2014 में आईएस के प्रति अपनी वफादारी जताई थी। हमलावरों ने चेकपोस्ट को विस्फोटक भरे ट्रक से टक्कर मारने के बाद गोलियां भी बरसाईं। पुलिस ने बताया कि आतंकवादियों ने कचरा ढोने वाले ट्रक का प्रयोग किया। यह ट्रक अल आरिश नगर निगम से चोरी हो गया था। हमले में मृतकों की संख्या बढऩे की आशंका है। पूर्व राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक को सत्ता से हटाने के लिए 2011 में शुरू हुए आंदोलन के बाद से मिस्र के उत्तरी सिनाई प्रायद्वीप में आतंकवादी हमले बढ़े हैं।