इंडिया न्यूज सेंटर, लखनऊ: उत्तर प्रदेश के नये मुख्यमंत्री और मंत्रिमण्डल का शपथ ग्रहण समारोह आगामी 19 मार्च को शाम पांच बजे कांशीराम स्मृति उपवन में आयोजित होगा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह समेत भाजपा शासित मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के आने की संभावना है। इससे पहले कल लोक भवन में नव निर्वाचित विधायकों की बैठक में भाजपा विधानमण्डल दल के नेता का चयन किया जायेगा। विधायकों की बैठक के लिए केन्द्रीय पर्यवेक्षक के रूप में मोदी मंत्रिमण्डल में नगर विकास मंत्री एम वेंकैया नायडू और पार्टी महामंत्री तथा राज्यसभा सदस्य भूपेन्द्र यादव भी मौजूद रहेंगे। भाजपा के 312 विधायक चुने गये हैं जबकि उसके गठबंधन अपना दल के नौ और भारतीय समाज पार्टी(भासपा) के चार विधायक चुनाव जीते हैं। इस बीच, केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री बनने से साफ इंकार कर दिया है। राजनाथ सिंह ने फोन पर कहा कि उनके मुख्यमंत्री बनने का सवाल ही नहीं उठता। वह जहां हैं खुश हैं और पूरी क्षमता से देश की सेवा कर रहे हैं।