देश की आजादी के बाद कांग्रेस ने जातिवाद का जहर घोलकर नफरत की खेती की है
इंडिया न्यूज सेंटर,सहारनपुरः विहिप नेता साध्वी प्राची तीसरे चरण के निकाय चुनाव प्रचार के लिए मंगलवार को सहारनपुर पहुंची है। इससे पूर्व निर्वाचन अधिकारी एवं जिला प्रशासन ने साध्वी प्राची को यहां जनसभा करने की अनुमति नहीं दी थी। जिसके चलते साध्वी प्राची ने प्रेसवार्ता कर बीजेपी प्रत्याशियों के लिए मतदान करने की अपील की। प्रेसवार्ता के दौरान साध्वी प्राची ने कहा कि आज हिन्दुओं को एकजुट होने की जरूरत है। देश की आजादी के बाद कांग्रेस, सपा और बसपा ने जातिवाद का जहर घोला है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्री राम की जन्मस्थली पर ही भव्य मंदिर का निर्माण किया जाएगा। मोहल्ला किशनपुरा स्थित एक सभागार में हुए कार्यक्रम में साध्वी प्राची ने कहा कि नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के नाम से गुंडे-माफिया कांपते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा ने हिन्दुओं के साथ धोखा किया और उन्हें ठगा है। देश की आजादी के बाद कांग्रेस ने जातिवाद का जहर घोलकर नफरत की खेती की। इसमें सपा और बसपा ने खाद डालने का काम किया। साध्वी ने कहा कि हम हिन्दुओं की रक्षा के प्रति संकल्पबद्ध हैं और अयोध्या में प्रभु श्रीराम की जन्मस्थली पर ही भव्य मंदिर का निर्माण कराएंगे। उन्होंने कहा कि उनके कार्यक्रमों की परमिशन इसलिए नहीं दी जाती कि हिन्दू एकजुट ना हो जाएं। कहा कि 29 नवंबर को एकजुट होकर भाजपा के प्रत्याशियों को जिताने का काम करें। इस दौरान महामंडलेश्वर बाबा रिजकदास भी उपस्थित थे।