बीजिंग: बॉलीवुड के शोमैन राजकपूर की क्लासिक फिल्म आवारा को नाटक में ढालने की तैयारी की जा रही है। फिल्म के थियेटर वर्जन के लिए भारत और चीन के बीच समझौता हुआ है। गौरतलब है कि वर्ष 1951 में रिलीज हुई यह फिल्म चीन में काफी लोकप्रिय रही थी। फिल्म का टाइटल सांग आवारा हूं चीनी लोगों के बीच बहुत मशहूर हुआ था। इस फिल्म के जरिये राजकपूर को भी चीन में प्रसिद्धि मिली थी। फिल्म प्रशंसक उन्हें जानने लगे थे। अब चीन की युवा पीढ़ी को इससे रूबरू कराने की योजना बनाई गई है। इसलिए दोनों देशों ने इसका थियेटर वर्जन बनाने की बात कही है। इसको लेकर भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आइसीसीआर) और चीन शंघाई अंतरराष्ट्रीय कला महोत्सव (सीएसआइएएफ) ने सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। शंघाई में हुए समझौते के अनुसार भारत और चीन में 2017 और 2018 में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराए जाएंगे।