इंडिया न्यूज सेंटर, फैजाबादः यूपी में योगीराज की सरकार बनने के बाद हर तरफ योगी-योगी का डंका बजने लगा है। साथ ही प्रदेश में फिजा भी बदलने लगी है। रामनवमी के दिन भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने गोरक्षनाथ मंदिर में पोस्टर जारी कर योगी आदित्यनाथ को राम अवतार के रूप में पेश किया, तो वहीं यह संदेश भी दिया कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण की पहली ईंट गोरखपुर के मुसलमान ही रखेंगे। मंदिर परिसर में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा के पूर्व कार्य समिति सदस्य इरफान अहमद और महिला मोर्चा की महानगर उपाध्यक्ष पद्मा गुप्ता के नेतृत्व में नमाजी टोपी पहनकर पोस्टर जारी किया। इस पोस्टर में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में हिन्दू-मुस्लिम भाईचारा और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की।