इंडिया न्यूज सेंटर, सहारनपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा और चीन के राष्ट्रपति के साथ सेल्फी लेने विदेश जाते हैं। यह कटाक्ष किया है कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने। यहां सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने जनता से सवाल किया कि क्या किसी ने मोदी को किसानों के साथ सेल्फी लेते देखा है? थोड़ी देर बाद खुद ही इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि मोदी इसलिए किसान या गरीब के साथ सेल्फी नहीं लेते इससे उनका 15 लाख का सूट गंदा हो जाता है। राहुल गांधी ने बामियान बुद्ध विहार में विपासना केंद्र का उद्घाटन किया और डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। सभा में राहुल ने कहा कि हिंदुस्तान सिर्फ कुछ उद्योगपतियों का ही नहीं हैं, हिंदुस्तान आप सबका भी है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश में सत्तासीन समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव पर सीधा हमला करते हुए कहा कि वह भाजपा तथा आरएसएस को फायदा पहुंचाने के लिए काम करते हैं। उन्होंने यात्रा के आखिरी चरण में समाजवादी पार्टी के प्रमुख पर पहली बार तीखा हमला किया।