इंडिया न्यूज सेंटर, नई दिल्ली: 68वें एमी अवॉड्र्स में पहली बार शिरकत कर रहीं भारतीय देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा ने शिफॉन से बना सुर्ख लाल रंग का गाउन पहने रेड कार्पेट पर अपना जलवा बिखेरा। प्रियंका के इस कयामत ढाने वाले हुस्न को देख फैशन की दुनिया के लोग फिदा हो गए। प्रियंका ने जैसन वू की डिजाइन की हुई ड्रैस व हीरे की एक अंगूठी और कानों में हीरे की छोटी झुमकियां पहनकर खूब सुर्खियां बटोरी। उन्होंने मेकअप तो हल्का ही रखा, लेकिन उनके होंठों पर लगी सुर्ख लाल लिपस्टिक ने उनके हुस्न में चार चांद लगा दिए। अवॉर्ड देने आई प्रियंका रेड कार्पेट पर इठलाते हुए और बल खाते हुए अपने गाउन का एक-एक छोर दिखाती दिखीं। प्रियंका ने इस अवसर पर हॉलीवुड स्टार टॉम हिडलस्टन के साथ सीमित सीरीज, फिल्म या नाटक के निर्देशन के लिए दिया जाने वाला विशेष पुरस्कार दिया। टीवी शो क्वांटिको और हॉलीवुड फिल्म बेवॉच में एक्टिंग की वजह से प्रियंका चोपड़ा अमेरिका में भी एक जाना पहचाना नाम हो गई हैं।