इंडिया न्यूज सेंटर, नई दिल्लीः भोपाल के भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) होस्टल में हरियाणा के रोहतक की तैराक खिलाड़ी के साथ उसके दोस्त तैराक खिलाड़ी द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। भोपाल के रातीबड़ थाना प्रभारी अशोक गौतम ने आज बताया कि 25 वर्षीय युवती हरियाणा के रोहतक जिले की निवासी है। जुलाई 2013 में उसने भोपाल के गोरागांव स्थित साई में वाटर स्पोर्ट्स में प्रवेश लिया था। वह साई परिसर में रहती थी। वहीं हरियाण के हिसार का रहने वाला सुनील कुमार मोहली भी साई में वाटर स्पोर्ट्स का छात्र था। वह भी साई के होस्टल में रहता था। वहीं दोनों की दोस्ती हुई। सुनील ने 2013 में पीड़िता के साथ ज्यादती कर अश्लील वीडियो बना लिया था। पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर चुप करा दिया। इसके बाद आरोपी सुनील कुमार आए दिन वीडियो का डर दिखाकर ब्लैकमेल कर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
20 जनवरी 2017 को पीड़ित वापस रोहतक चली गई। अब आरोपी भी रोहतक चला गया। पीड़ित ने अप्रैल में आरोपी से शादी के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। पीड़िता ने रोहतक के महिला थाना में मामला दर्ज करा दिया है।