इंडिया न्यूज सेंटर, नई दिल्ली: डिस्कस थ्रो में भारत की स्टार खिलाड़ी रही ओलंपियन कृष्णा पूनिया एक बार फिर चर्चा में हैं। दरअसल चुरु (राजस्थान) की रहने वाली प्रदेश कांग्रेस सचिव कृष्णा ने कुछ मनचलों को सबक सिखाया। कृष्णा ने नाबालिग लड़कियों से छेड़छाड़ करने वाले बदमाशों को ललकारते हुए ना केवल उनमें से एक को 50 मीटर दौड़ के दबोच लिया बल्कि उसे पुलिस के हवाले भी कर दिया। यह घटना नए साल के पहले दिन की है। रविवार दोपहर 1.30 बजे के करीब पूनिया चुरु के बहल रोड से आ रही थीं। उस समय पिलानी रेलवे फाटक बंद था। इसी दौरान कृष्णा ने दो डरी सहमी लड़कियों को देखा जिनकों तीन मोटर साईकिल सवार बदमाश लडक़े परेशान कर रहे थे। कृष्णा से यह सहन नहीं हुआ। वह तुरंत अपनी गाड़ी से उतरी और लड़कियों के पास गईं। उन्होंने जब लड़कियों से पूछा तो वह दोनों रोने लगीं। लड़कियों ने रोते हुए पूनिया को पूरी बात बताई। तीन में से दो लडक़े कृष्णा को गाड़ी से उतरता देख पहले ही घटना स्थल से भाग चुके थे। तीसरा लडक़ा मोटर साईकिल पर सवार होकर भागने लगा तो कृष्णा उसके पीछे दौड़ पड़ीं। वह लगभग 50 मीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद कृष्णा ने सादुलपुर थाने फोन कर घटना की जानकारी दी और बदमाश को पुलिस के हवाले कर दिया।