इंडिया न्यूज सेंटर, आजमगढ़। मुलायम सिंह यादव की अजामगढ़ में होने वाली रैली कैंसिल कर दी गई है। सपा मुखिया 6 अक्टूबर को आईटीआई मैदान में रैली करने वाले थे। चर्चा है कि मुलायम ने पार्टी में बगावती तेवर को देखते हुए रैली कैंसिल की है। पिछले कई दिनों से सपा में घमासान मचा हुआ है। इसको लेकर कुछ कार्यकर्ताओं ने आजमगढ़ में विरोध भी दर्ज कराया था। वहीं, कुछ कार्यकर्ताओं ने पुराने कलेक्ट्रेट के पास सपा महासचिव अमर सिंह का पुतला फूंका और उनके विरोध में नारेबाजी भी की। चौतरफा विरोध की जानकारी सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव को उपलब्ध कराई गई। इस विरोध से नाराज मुलायम ने प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव और रैली के प्रभारी मंत्री बलराम यादव से प्रकरण का ब्योरा मांगा। बताया गया कि कुछ छात्रों ने अमर सिंह का पुतला फूंका है, लेकिन वे पार्टी के कार्यकर्ता नहीं थे। इस जानकारी के बाद मुलायम ने रैली स्थगित करने का फैसला लिया। यह भी डर था कि रैली फ्लाप हो सकती है।