टोक्यो: भारत और जापान के बीच द्विपक्षीय बातचीत के लिए यहां पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी ने बुलेट ट्रेन की सवारी की। वह जापानी पीएम शिंजो आबे के साथ तोक्यो स्टेशन पर शीनकानसेन बुलेट ट्रेन पर सवार हुए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने दोनों नेताओं की फोटोज सोशल मीडिया पर शेयर कीं। स्वरूप ने ट्विटर पर लिखा, एक निराले सफर पर निराली दोस्ती। पीएम नरेंद्र मोदी और पीएम शिंजो आबे कोबे जाने वाली शीनकानसेन बुलेट ट्रेन में सवार हुए। माना जा रहा है कि मुंबई से अहमदाबाद के बीच प्रस्तावित हाई स्पीड रेलवे लाइन पर इसी बुलेट ट्रेन की तकनीक अपनाई जाएगी। बता दें कि आज दोनों देशों के बीच चल रहे सम्मेलन का आखिरी दिन है। मोदी ने जापानी सम्राट से भी मुलाकात की थी। बीते दो साल में मोदी दूसरी बार जापान गए हैं। ट्रेन में नेताओं के साथ दोनों देशों का प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था। कोबे में मोदी कावासाकी हैवी इंडस्ट्रीज फैसिलिटी भी जाएंगे, जहां हाई स्पीड ट्रेनों का निर्माण होता है।