Shindomani Akali Dal MP Dhindsa formed a new party and named it Shiromani Akali Dal
सुखबीर बादल को अध्यक्ष पद से हटाने का किया दावा
क्या अकाली दल से निकाले गए नेता शिअद के प्रधान को हटा सकते है?
इंडिया न्यूज सेंटर,लुधियाना/चंडीगढः शिरोमणि अकाली दल के बागी सांसद सुखदेव सिंह ढ़ींढसा ने आज नया अकाली दल की घोषणा कर दी है। यहीं नही ढींढसा ने अपनी नई पार्टी का नाम भी शिरोमणि अकाली दल रखा है। और सुखबीर बादल को अध्यक्ष पद से हटाने का दावा भी किया गया है। शिरोमणि अकाली दल से बागी हुए राज्यसभा सदस्य सुखदेव सिंह ढींडसा और अकाली टकसाली नेताओं ने मिलकर नई पार्टी का नाम शिरोमणि अकाली दल ही रख दिया है। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल को शिअद के प्रधान पद से हटाने की घोषणा भी कर दी है। इन नेताओं ने कहा कि जल्दी ही श्री अकाल तख्त साहिब में सभी अकालियों को इकट्ठा करके पार्टी का नया एजेंडा तय किया जाएगा।
लुधियाना में आयोजित बैठक में ढींढसा और नेताओं ने कहा कि पार्टी का नाम शिरोमणि अकाली दल ही रहेगा। यही असली शिरोमणि अकाली दल है। सुखबीर सिंह बादल को शिरोमणि अकाली दल के प्रधान पद से हटाया जाता है। इसके साथ ही नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि बाद में रजिस्ट्रेशन के समय तकनीकी परेशानी आती है तो पार्टी का शिरोमणि अकाली दल डेमोक्रेटिक रख दिया जाएगा। पार्टी का प्रधान सुखदेव सिंह ढींडसा को चुना गया है।
बता दें कि सुखदेव सिंह ढीढसा और उनके पुत्र परमिंदर सिंह ढींढसा को पहले की शिरोमणि अकादल दल (बादल) से निकाला जा चुका है। ऐसे में जानकारों का कहना है कि सुखबीर सिंह बादल को शिअद के अध्यक्ष पद से हटाने का उनकी घोषणा कोई मायने नहीं रखती है। बागी अकाली नेताओं ने अलग अकाली दल बनाया है, और सुखबीर बादल को शिअद के प्रधान पद से हटाने की बातकर वह महज बयानबाजी कर रहे हैं। इससे पहले कहा जा रहा था कि नई पार्टी का नाम रखने का फैसला फिलहाल टल सकता है, क्योंकि अकाली दल टकसाली के प्रधान रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा की सेहत ठीक न होने के कारण गठजोड़ की बातचीत सिरे नहीं चढ़ सकी। लेकिन आज ढींढसा और अन्य बागी नेताओं ने यह ऐलान कर दिया है। इससे पहले सुखदेव सिंह ढींडसा के पुत्र विधायक परमिंदर सिंह ढींडसा ने कहा था कि पार्टी के नाम और प्रधान के बारे में फैसला नेताओं, वर्करों को लेना है। एक सवाल के जवाब में ढींडसा ने कहा कि आने वाले दिनों में कई अकाली नेता और कांग्रेसी नेता इसमें शामिल होंगे।