इंडिया न्यूज सेंटर लखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बड़ा फैसला करते हुए कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव, जयाप्रदा समेत कुल छह मंत्रियों को बर्खास्त कर दिया है। इस संबंध में अखिलेश यादव ने राज्यपाल राम नाईक को पत्र भेज दिया, जिसके बाद राज्यपाल ने चार मंत्रियों शिवपाल सिंह यादव, नारद राय, शादाब फातिमा ओर ओम प्रकाश को पदमुक्त कर दिया और गवर्नर हाउस ने इनकी सूची जारी कर दी। शिवपाल के अलावा हाल ही में कैबिनेट में वापसी करने वाले गायत्री प्रसाद प्रजापति भी हैं। बर्खास्त होने वाले अन्य मंत्रियों में शादाब फातिमा, नारद राय, मदन चौहान व ओम प्रकाश हैं। जयाप्रदा की बर्खास्तगी को अमर सिंह से अखिलेश की नाराजगी के तौर पर देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री अखिलेश के फैसले के बाद शिवपाल यादव सपा सुप्रीमो मुलायम से मिलने के लिए उनके आवास पर गए हैं। उधर, शिवपाल के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी है। बैठक में शामिल हुए पार्टी सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जो भी पार्टी को कमजोर करेगा उसे बख्शा नहीं जाएगा। बैठक में शिवपाल यादव का नाम नहीं लिया गया, अमर सिंह का नाम लिया गया। वहीं, अलग पार्टी बनाने की कोई चर्चा नहीं हुई। सूत्र बताते है कि समाजवादी पार्टी एक है और एक होकर ही चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाएगी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 5 कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास पर बैठक में ये फैसले लिए। इसमें शिवपाल खेमे के एमएलए व एमएलसी शामिल नहीं हुए थे। इसके अलावा, सपा मुख्यालय में 24 अक्तूबर को विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों, प्रत्याशियों की बैठक प्रस्तावित है। इसमें सपा मुखिया मुलायम सिंह मौजूद रहेंगे।