इंडिया न्यूज सेंटर, नई दिल्ली: नवरात्र शक्ति की साधना एवं मां दुर्गा को प्रसन्न करने का विशेष समय होता है। नौ दिन तक मां के विशेष स्वरूपों का पूजन किया जाता है। ज्योतिष के अनुसार अगर इन स्वरूपों के पूजन के साथ विशेष रंग के वस्त्र पहनें तो यह शुभ व शीघ्र फलदायी होता है। आइए जानते हैं नवरात्र में माता के किस रूप के पूजन के दौरान किस रंग के वस्त्र पहनें। पहले दिन मां के शैलपुत्री स्वरूप का पूजन होता है। इन्हें लाल रंग पसंद है, अत: इस दिन लाल रंग के वस्त्र पहनने चाहिए। दूसरा दिन मां दुर्गा के ब्रह्मचारिणी रूप का है सो आज भक्त रॉयल ब्लू रंग के वस्त्र पहनें। तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की पूजा की जाती है। इस दिन पीले रंग के वस्त्र पहनने चाहिए। चौथे दिन कूष्माण्डा देवी का पूजन किया जाता है। इस दिन हरे रंग के वस्त्र पहनें। पांचवें दिन स्कन्दमाता की पूजा की जाती है। आज के दिन ग्रे रंग के वस्त्र पहनने चाहिए। छठा दिन मां कात्यायनी देवी के पूजन का दिन है। इस दिन ऑरेंज कलर के वस्त्र पहनें। सतवां दिन मां कालरात्रि देवी के पूजन का दिन है। इस दिन सफेद रंग के वस्त्र पहनने से शुभ फल मिलता है। आठवां दिन आठवीं शक्ति महागौरी के पूजन का दिन है। आज के दिन भक्त को गुलाबी रंग के वस्त्र पहनने चाहिए। नौवां दिन यानी नवरात्र समापन के दिन मां सिद्धदात्री की पूजा की जाती है। आज सफेद रंग के वस्त्र शुभ होते हैं।