दुबई: एक महीना पहले ही सऊदी अरब में एक प्रिंस को फांसी देकर न्याय की मिसाल कायम की गई थी। अब एक और खबर सामने आई है कि एक और शाही सदस्य को कोड़े से पिटाई की सजा दी गई है। दरअसल, सऊदी के दैनिक अखबार ओकाज में प्रिंस को सजा देने की खबर छपी है। हालांकि, प्रिंस के नाम को गुप्त रखा गया है, साथ ही इस बात का भी खुलासा नहीं हुआ है कि प्रिंस को किस आरोप में यह सजा दी गई है लेकिन इतना बताया गया कि जेद्दा के कोर्ट के आदेश के चलते प्रिंस को ऐसी कठोर सजा दी गई है। प्रिंस की सजा को लेकर सरकार की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया। बताया जा रहा है कि प्रिंस अभी भी जेल में सजा काट रहा है। यह ऐसा पहला मामला नहीं है जब किसी शाही सदस्य को कोर्ट ने ऐसी कड़ी सजा दी हो। न्याय पर लोगों का विश्वास बनाए रखने के लिए हाल ही में एक प्रिंस तुर्की बिन सऊद अल-कबीर को मौत के घाट उतारा गया था। प्रिंस पर अपने दोस्त की हत्या करने का मुकदमा चल रहा था। दोषी पाए जाने के बाद 19 अक्टूबर को प्रिंस को सजा-ए-मौत दे दी गई। 40 साल बाद किसी प्रिंस को मौत की सजा दी गई थी।