इंडिया न्यूज सेंटर, गोरखपुर: केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा शुक्रवार शाम उत्तर प्रदेश में गोरखपुर शहर के पास एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। उत्तर पूर्व रेलवे के सीपीआरओ संजय यादव ने बताया कि दुर्घटना में सिन्हा की बायीं बांह टूट गई है। यह दुर्घटना शाम करीब सवा सात बजे यहां पास में ताप्ती नदी पुल पर उस वक्त हुई, जब वह बाराबंकी से गोरखपुर आ रहे थे। रेलवे एवं संचार राज्य मंत्री सिन्हा (57) गाजीपुर से लोकसभा सदस्य हैं। उन्हें शुरूआत में अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया और बाद में रेलवे हॉस्पिटल ले जाया गया। सूत्रों के मुताबिक दुर्घटना उस वक्त हुई जब काफिले में मंत्री की कार के आगे के वाहन ने एक व्यक्ति को बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगाई। सिन्हा जिस कार में सवार थे, उसने आगे वाले वाहन को पीछे से टक्कर मार दी और इसके चलते मंत्री को चोट लगी। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने टवीट किया, अपने सहकर्मी और मित्र मनोज सिन्हा की दुर्घटना की खबर जानकर स्तब्ध हूं। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान ने भी टवीट किया, अपने सहकर्र्मी मंत्री और मित्र मनोज सिन्हा जी की दुर्घटना की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।