इंडिया न्यूज सेंटर, आगराः दुनिया के 7 अजूबों में शामिल और विश्व विरासत स्मारक ताजमहल के पत्थर दरक रहे हैं। मुख्य गुंबद का हाल सबसे बुरा है। लम्बे समय से संरक्षण कार्य न होने के कारण यहां की छतों की रौनक भी खत्म होती जा रही है। जानकारी मुताबिक पत्थरों के गिरने के कारण ताज देखने के लिए दुनिया भर से आने वाले सैलानी भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। ताजमहल में सैलानियों को परेशानी से बचाने के लिए भले ही पुरातत्व विभाग ने नई व्यवस्था को लागू कर दिया हो लेकिन तैयारी आधी-अधूरी होने के कारण ताजमहल देखने आने वाले सैलानियों के सिर पर खतरा मंडराने लगा है। मुख्य गुंबद में प्रवेश करने वाले हिस्से में कई जगह पत्थर टूट गए हैं। कुछ गिरने के कगार पर हैं। यहां की दीवारों पर की गई मुगलिया पच्चीकारी भी टूट गई है।