इंडिया न्यूज सेंटर, करनाल: हरियाणा के करनाल की एक मंगनी समारोह में शामिल होने आई साध्वी देवा ठाकुर और उनके सिक्योरिटी गार्ड की हवाई फायरिंग से एक शख्स की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए हैं। एक वीडियो सामने आया है जिसमें साध्वी और उनके समर्थक को जबरदस्त फायरिंग करते हुए देखा जा सकता है। शादी के समारोह में नाच गाने के बीच साध्वी ने पिस्तौल और अन्य बंदूक से जमकर फायरिंग की। शोरशराबे में पहले लोगों को पता ही नहीं चला कि कोई हादसा हो गया है। थोड़ी देर बाद लोगों को इस घटना के बारे में पता चला। एक पीडि़त के परिवार वाले ने बताया, वे लोग बुरी तरह फायरिंग कर रहे थे। ऐसा मुख्यमंत्री के शहर करनाल में हो रहा है तो बाकी राज्य की स्थिति क्या है आप समझ सकते हैं।