इंडिया न्यूज सेंटर, नई दिल्लीः स्थानीय मांग में मामूली सुधार से दिल्ली सराफा बाजार में सोना आज 30 रुपए चढ़कर एक महीने से ज्यादा के उच्चतम स्तर 28,740 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। चांदी भी 350 रुपए की तेजी के साथ 40,450 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सप्ताहांत पर गिरावट के बावजूद स्थानीय बाजार में आज पीली धातु में तेजी रही। इसकी मुख्य वजह मांग में तेजी रही. हालांकि, यह तेजी बहुत ज्यादा नहीं है। लंदन तथा न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पीली धातु में गिरावट देखी गई। सोना हाजिर 7.6 डॉलर लुढ़ककर 1,173 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। कारोबार की समाप्ति पर फरवरी का अमरीका सोना वायदा भी 8.4 डॉलर की गिरावट के साथ 1,172.9 डॉलर प्रति औंस बोला गया. बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, डॉलर में लौटी तेजी से सप्ताहांत पर पीली धातु कमजोर पड़ी है। इस बीच लंदन में चांदी हाजिर कारोबार की समाप्ति पर 16.46 डॉलर प्रति औसत पर रही।