इंडिया न्यूज सेंटर, कुरुक्षेत्र: अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव को लेकर थीम पार्क श्री मद्भगवद्गीता गीता के श्लोकों से गुंजायमान हो गया। ये गूंज दूर दूर तक और हर तरफ सुनाई दी। महोत्सव में 18 हजार से अधिक बच्चों ने गीता के 18 अध्यायों में से प्रेरक 18 श्लोकों का सामूहिक उच्चारण किया। इस सामूहिक उच्चारण ने माहौल पूरी तरह भक्तिमय कर दिया। श्लोकों का उच्चारण 7 मिनट 29 सेकेंड में पूरा किया गया। इसे विश्व रिकार्ड में शामिल करने की प्रारंभिक अनुमति गिनीज बुक से ली जा चुकी है और सभी सबूतों, फोटो व सुपरवाइजर आदि की रिपोर्ट गिनीज बुक कार्यालय को भेजी जा चुकी है। इस बाबत उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने बतााय कि श्लोकों का समय दो टाइम कीपर के जरिये स्टाप वॉच के माध्यम से रिकार्ड किया गया। अहम पहलू यह है कि गिनीज बुक कार्यालय के नियमानुसार हर पचास बच्चों पर एक सुपरवाइजर नियुक्त था। कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड और अन्य संस्थाओं के सहयोग से बच्चों ने विश्व शांति के लिए गीता श्लोकों का सामूहिक गायन किया। इस कार्यक्रम का प्रसारण ऑल इंडिया रेडियो व कुरुक्षेत्र एफएम से सीधा प्रसारण भी किया गया। इसके लिए म्यूजिक ट्रैक का प्रयोग किया गया।