– 2 की मौत, 15 की हालत गंभीर
इंडिया न्यूज सेंटर, आगरा- एक्सप्रेस वे पर एत्मादपुर के पास हिमाचल प्रदेश के मंडी से बच्चों को लेकर आ रही बस शुक्रवार की सुबह पलट गई। इसमें दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि 15 की हालत गंभीर बनी हुई है। बस हादसा टायर फटने से हुआ। घायलों को यमुनापार के कई हॉस्पिटलों व एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार बागपत नंबर की टूरिस्ट बस हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से आलोक भारती स्कूल के करीब 65 बच्चों को ब्रज भ्रमण पर लाई थी। गुरुवार को छात्रों ने मथुरा, वृंदावन का भ्रमण किया था। शुक्रवार की सुबह आगरा भ्रमण के लिए बस एक्सप्रेस वे के रास्ते आगरा आ रही थी कि एत्मादपुर में गढ़ी रम्मी के पास टायर फटने से हादसा हो गया ।घटना की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम और प्रशासन तक पहुंची। इसके बाद बस को क्रेन से बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को आगरा के यमुनापार इलाके में स्थित कई अस्पतालों और एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। कई बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना स्थल पर चारों तरफ खून ही खून बिखरा पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को घायल अवस्था में बस से निकाला और उन्हें सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया।