योगी देगें अयोध्या को बड़ा तोहफा
इंडिया न्यूज सेंटर,अयोध्याः पहली बार प्रदेश के अयोध्या नगरी में दीवाली को खास बनाया जा रहा है। इस बार अयोध्या की दीवाली को खास बनाने सीएम योगी आदित्यनाथ समेत उनकी पूरी कैबिनेट अयोध्या में है। सीएम योगी अयोध्या पहुंच चुके है। इस बार दीवाली खास क्यों है इसका भी कारण है। अयोध्या में इस बार अयोध्या में त्रेता युग जैसी दीपावली मनाने की तैयारी की गई है। अयोध्या की जनता सीएम योगी के आने के बाद से जश्न के माहौल में डूबी है।
इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा-
- दुनिया को दिवाली देने वाली अयोध्या को हमेशा ही नकारात्मकता के साथ देखा जाता रहा है लेकिन अब अयोध्या उपेक्षित नहीं रहेगी।
- उन्होंने कहा कि आज के इस उत्सव के साथ ही हम प्रदेश को दुनिया के पर्यटन का केंद्र बनाने का प्रयास शुरू कर रहे हैं।
- उन्होंने कहा कि अयोध्याा का विकास भी होगा और 133 करोड़ रुपये की योजनाओं से नगर का कायाकल्प भी होगा।
- उन्होंने कहा कि अयोध्या दुनिया के लिए मानवता का केंद्र है। इसे आशंका की नजर से नहीं देखा जाना चाहिए।
- योगी ने कहा कि खुशहाली के लिए परंपराओं का सम्मान करना जरूरी है। आज इंडोनेशिया, थाइलैंड में रामलीला होती है। जबकि भारत में कुछ अलग होता है तो कुछ लोगों को बुरा लगने लगता है।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक सशक्त भारत बनेगा। एक ऐसा भारत जो जातिवाद, संप्रदायवाद व नक्सलवाद से मुक्त होगा।
- योगी ने कहा कि मोदी का सपना है कि 2022 तक भारत के हर नागरिक के पास घर हो। हर घर में बिजली हो, शौचालय हो। यही रामराज्य है।
- योगी ने कहा कि जहां जाति के नाम पर, धर्म के नाम पर भेदभाव होता है वो रामराज्य नहीं रावणराज्य है।
इस मौके पर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने यूपी सरकार को ये कार्यक्रम आयोजित करने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि योगी सरकार में अयोध्याा का गौरव वापस लौटेगा।
पुष्पक विमान से पहुंचे 'श्रीराम और माता सीता'
भगवान श्रीराम और माता सीता के स्वरूपों को उसी तरह हेलीकॉप्टर से अयोध्या लाया गया जैसे त्रेता युग में लंका पर विजय प्राप्त करके भगवान राम पुष्पक विमान से अयोध्या पहुंचे थे। जहां राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक करेंगे।
लाखों दीयों से जगमगाएगी अयोध्या
शाम 6 बजे से सात बजे तक नए घाट पर सरयू नदी की आरती करने का पूरा प्रबंध किया गया है। इस दौरान घाटों पर दीप प्रज्जवलित किए जाएगें। और लेजर शो के माध्यम से रामकथा का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसके साथ सीएम योगी कई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इस मौके पर अयोध्या के घाटों पर एक लाख 71 हज़ार दीप प्रज्ज्वलित किये जायेंगे।
इस दीवाली योगी अयोध्यावासियों को देंगे बड़ा तोहफा
इस साल की दीवाली अयोध्यावासियों के लिए खास है, क्योंकि इस बार यूपी के सीएम दिवाली मनाएंगे तो अयोध्यावासियों के लिए लगभग 133 करोड़ की विकास योजनाओं और सौद्ररीयकरण के प्रोजेक्ट की सौगात देंगे।
योगी के गिफ्ट में क्या क्या खास
योगी सरकार अयोध्या में राम कथा गैलरी और पार्क का निर्माण करायेगी। जहां पार्किंग का विकास, अंदरूनी रास्ते और बाउंड्री वाल का निर्माण, फुट ओवर ब्रिज, सोलर लाइट्स, कचरा मैनेजमेंट और पत्थर के बेंच लगाए जाएंगे। इसके साथ ही साकेत पेट्रोल पम्प के पास बस डिपो बनाये जाने की भी तैयारी है। राम की पैड़ी पर 100 फुट की भगवान राम की प्रतिमा, घाट, पत्थर की रेलिंग, सोलर लाइट्स, स्वछ पेयजल, कचरा मैनेजमेंट और पत्थर के बेंच आदि का निर्माण कराया जाएगा।