BJP MLA raised questions about the patriotism of Kohli, why married in Italy?
इंडिया न्यूज सेंटर,नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक ने टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली की देशभक्ति पर सवाल उठाया है। विराट कोहली ने अनुष्का शर्मा के साथ हाल ही में इटली के मिलान में शादी के सात फेरे लिए, जिससे नाराज बीजेपी विधायक ने ये बयान देकर सनसनी फैला दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मध्य प्रदेश के गुना से विधायक पन्ना लाल शाक्य ने सवाल किया है कि विराट-अनुष्का ने भारत के बजाय इटली में शादी क्यों की? उन्होंने 'विरुष्का' के नाम से लोकप्रिय इस जोड़ी पर निशाना साधते हुए कहा कि आखिर ऐसी क्या जरूरत पड़ गई कि दोनों को इटली में शादी करना पड़ी। शाक्य का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वो कहते दिख रहे हैं कि भगवान राम, श्रीकृष्ण, विक्रमादित्य के साथ युधिष्ठिर का भी विवाह भारत में हुआ। लेकिन विराट ने विदेश में जाकर शादी की। वो अरबों रुपए यहां से कमाता है, शोहरत कमाता है और फिर चला जाता है विदेश में सैर करने और शादी करने। आपको बता दें कि अनुष्का शर्मा और विराट कोहली ने भारतीय मीडिया से दूर जाकर इटली के मिलान शहर में सात फेरे लिए। भारत के बाहर जाकर गुपचुप ब्याह रचाने वाले विराट-अनुष्का की शादी में सिर्फ घर वाले और करीबी ही शामिल हुए थे। अब 26 दिसंबर को दोनों की शादी का ग्रैड रिसेप्शन होना है।