इंडिया न्यूज सेंटर,नोएडाः दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में भाजपा नेता शिव कुमार और उनके सिक्योरिटी गार्ड की सनसनीखेज हत्या से हड़कंप मच गया है। उनके साथ जा रहा एक शख्स घायल है जिसे दिल्ली अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार भाजपा नेता शिव कुमार अपनी फॉर्च्यूनर में सवार होकर बिसरख के गौर सिटी से होकर गाजियाबाद की ओर जा रहे थे। तभी बाइक सवार कुछ बदमाशों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं जिसमें से कुछ गोलियां जाकर उन्हें और उनके सिक्योरिटी गार्ड को लगी। दोनों को लहूलुहान हालत में अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके एक अन्य साथी जो घायल हैं जिसको दिल्ली अस्पताल में रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने ये भी बताया कि जिस वक्त बदमाश गोली बरसा रहे थे उस वक्त नेता शिव कुमार की कार अनियंत्रित हो गई और वहां से गुजर रही एक लड़की से टकरा गई। इस पूरी वारदात में वह लड़की भी घायल हो गई। हालांकि अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए हैं।