Head constable shot on duty in DGP bungalow injured, condition critical
जम्मू डेस्कः डीजीपी बंगले में तैनात हेड कांस्टेबल अपनी ही कारबाइन से गोली चलने से बुरी तरह घायल हो गया। बताया जा रहा है कि उसने आत्महत्या की कोशिश की है। लेकिन पुलिस का कहना है कि गोली दुर्घटनाग्रस्त चली या फिर उसने खुद चलाई, फिलहाल यह जांच का विषय है। घायल कांस्टेबल बिक्रम चौक स्थित डीजीपी आवास पर तैनात गार्द का इंचार्ज है। उसे जीएमसी में भर्ती कराया गया है, लेकिन उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घायल कांस्टेबल सुभाष शर्मा (52) मूल रूप से नौशेरा का रहने वाला है। वह आईआरपी की 12 बटालियन में तैनात है। इस समय सतवारी के अजीत नगर में रहता है। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे बैरक से अचानक एक के बाद एक करीब पांच राउंड गोली चलने की आवाज से हड़कंप मच गया। तब बैरक में सिर्फ सुभाष ही था। उसके सिवा बाकी कोई नहीं था। गोली चलने से आवास के गेट पर तैनात संतरी सतर्क हो गया और मोर्चा संभाल लिया। आवास में मौजूद अन्य पुलिस कर्मी भी अलर्ट हो गए। पुलिस कर्मियों ने पोजीशन लेते हुए बैरक की तरफ रुख किया। आगे देखा तो सुभाष खून से लथपथ पड़ा था। उच्च अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी गई। नेहरू मार्केट पुलिस चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची। सुभाष को जीएमसी में भर्ती कराया गया है। करीब तीन घंटे आपरेशन करने के बाद उसे आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया है। डाक्टरों के अनुसार गोली निकाल दी गई है, लेकिन हालत गंभीर है।