इंडिया न्यूज सेंटर, अमृतसरः 72 घंटे पहले जी.टी. रोड पर अल्फा मॉल से सटे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के बाहर से पैट्रोल पंप कर्मचारी नारायण दास से हुई 8.84 लाख रुपए की लूट के मामले को जिला पुलिस ने सुलझा कर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने 5 लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट की राशि भी बरामद कर ली हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गुरदीप सिंह टोनी निवासी आकाश विहार पंडोरा, वरिन्द्र सिंह निवासी गुरदयाल नगर, भूपिन्द्र सिंह बाटा निवासी गुरनाम नगर, प्रदीप सिंह हैरी निवासी कपूर नगर व पलविन्द्र उर्फ पारस निवासी मंदिर वाला बाजार शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी के साथ-साथ वारदात में इस्तेमाल किया गया छुरा व देसी पिस्तौल भी बरामद की है। पुलिस ने उक्त गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को माननीय अदालत के निर्देशों पर जांच के लिए पुलिस रिमांड पर लिया है।